
पिछले साल ही यह खबर आई थी कि भारती एयरटेल के पूर्व सीईओ संजय कपूर ने माइक्रोमैक्स को ज्वाइन किया है। उस वक्त यह खबर सबके लिए चौंकाने वाली थी। एक के बाद एक माइक्रोमैक्स से कई बड़े नाम जुड़ रहे थे। वहीं आज अचानक से संजय कपूर के माइक्रोमैक्स छोड़ने की खबर ने फिर से सबको सकते में डाल दिया है। सवाल यही है कि आखिर क्या कारण है जो संजय कपूर को इतनी जल्दी मााइक्रोमैक्स छोड़ना पड़ा।
वर्ष 2014 में संजय कपूर ने माइक्रोमैक्स में चेयरमैन का पदभार संभाला था उस वक्त संजय को कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं थीं लेकिन अचानक से अपने पद से त्यागपत्र देने के पीछे जानकार कई कारण मान रहे हैं।
संजय कपूर के माइक्रोमैक्स छोड़ने के पीछे सबसे बड़ा कारण प्रमोटर्स को लेकर जारी विवाद माना जा रहा है। हालांकि माइक्रोमैक्स ने इस बारे में किसी भी तरह का कोई बायान नहीं दिया है लेकिन जानकार इसे ही मुख्य मुद्दा मान रहे हैं।
माइक्रोमैक्स के प्रमोटर्स कंपनी के 25 फीसदी हिस्सेदारी चीनी ईकाॅमर्स साइट अलीबाबा डाॅट काॅम को बेचना चाहते हैं जबकि संयज कपूर इसके बिल्कुल खिलाफ थे। प्रमोटर्स और कपूर के बीच यह दूरियां काफी समय से बढ़ रही थीं और अब शायद यह चरम सीमा पर आ गई थीं। इस कारण अंततः उन्हें अपने पद से त्यागपत्र देना पड़ा।
प्रमोटर्स के साथ यह मतभेत कई अन्य बातों पर भी था। संजय चाहते थे कि कंपनी आॅनलाइन स्टोर के लिए कोई विशेष नीति बनाएं जबकि अन्य प्रमोटर्स फिलहाल आॅफलाइन स्टोर पर ही ज्यादा फोकस चाहते थे। क्योंकि फिलहाल कंपनी के 70 फीसदी से ज्यादा रेवेन्यू आॅफलाइन स्टोर से ही आ रहा है।
इसके साथ ही प्रोडक्ट की ऐवरेज सेलिंग प्राइस पर भी थोड़ा मतभेद था। संजय चाहते थे कि माइक्रोमैक्स फोन की कीमत थोड़ी उंची हो जबकि अन्य प्रमोटर्स अब भी कम ऐवरेज सेलिंग प्राइस पर ही फोन लाना चाहते थे।
जहां तक माइक्रोमैक्स की बात है तो कंपनी ने इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है लेकिन कंपनी ने एक मेल के जरिए यह कहा है कि ‘‘संजय के योगदान के लिए उनका शुक्रिया अदा करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना करते हैं।’’
संजय कपूर ने जब पिछले साल जून में माइक्रोमैक्स ज्वाइन किया था उनकी मुख्य जिम्मेदारी कंपनी को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाना था। इसके साथ ही, माइक्रोमैक्स को साॅफ्टवेयर के क्षेत्र में आगे ले जाने और कंपनी के लिए फंड जुटाना भी उनकी प्रमुख जिम्मेदारियों में से एक था।
इतना ही नहीं कपूर के उपर कई अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी थीं। कंपनी के लिए नए प्रोडक्ट के डेवलपमेंट के साथ माइक्रोमैक्स के लिए डाटा, स्टोरेज, एप्लिकेशन और कंटेंट क्षेत्र में भी उनकी भूमिका महत्वपूर्ण थी।
स्रोत— ईटी टेक
सफर संजय कपूर
संजय कपूर भारतीय टेलीकाॅम जगत के लिए बेहद चर्चित नाम है। संजय कपूर को खास तौर से भारतीय एयरटेल को नई उंचाईयों पर ले जाने के लिए जाना जाता है। कपूर ने भारती एयरटेल को वर्ष 1998 में ज्वाइन किया था। उस वक्त इन्होंने चीफ आॅपरेटिंग आॅफिसर का पदभार संभाला था। कंपनी के साथ ये लगभग 15 साल तक जुड़े रहे और वर्ष 2013 को इन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया। जब इन्होंने त्यागपत्र दिया तो उस वक्त यह कंपनी में सीईओ, इंडिया एंड साउथ ऐशिया का पदभार संभाल रहे थे। जून 2014 में इन्होंने माइक्रोमैक्स में चेयरमैन का पदभार संभाला था। इस बीच कपूर मोबाइल जगत की अन्य संस्थाएं जीएसएमए और सीओएसआई के अलावा सीआईआई और नैसकाॅम से भी जुड़े रहे।